गुरु वंदन – छात्र अभिनंदन
आर.एम.डी.पी.एस. में “गुरु वंदन – छात्र अभिनंदन” कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन
रासिकलाल एम. धारीवाल पब्लिक स्कूल (RMDPS) में आज गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर “गुरु वंदन – छात्र अभिनंदन” कार्यक्रम श्रद्धा, सम्मान एवं उल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने सभी शिक्षकों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर एवं नारियल भेंट कर उनका सम्मान किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
सम्पूर्ण विद्यालय गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा एवं भारतीय संस्कृति के संस्कारों से ओत-प्रोत दिखाई दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के सचिव डॉ. गजेन्द्र भंसाली ने सभी शिक्षकों को गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके समर्पण, निष्ठा एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। वहीं अकादमिक डायरेक्टर डॉ. हेमा छाबड़ा ने सभी अतिथियों एवं शिक्षकों का स्वागत करते हुए गुरु के महत्व पर प्रेरणादायी उद्बोधन दिया।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद के सम्मानित सदस्य भी उपस्थित रहे। परिषद द्वारा आयोजित “गुरु वंदन – छात्र अभिनंदन” कार्यक्रम के लिए विद्यालय द्वारा भेजे गए नामों में विद्यालय की पब्लिक रिलेशन ऑफिसर डॉ. उषा चौधरी को विद्यालय प्रबंधन एवं जनसंपर्क के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं मन्नत जैन (कक्षा 8-बी) एवं मानविका जैन (कक्षा 9-ए) को श्रेष्ठ विद्यार्थी सम्मान से सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गर्व एवं हर्ष का विषय है।
गुरु पूर्णिमा का यह पावन आयोजन विद्यार्थियों में अपने गुरुओं के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता एवं सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने वाला प्रेरणादायी अवसर सिद्ध हुआ तथा भारतीय संस्कृति के आदर्शों को सजीव रूप में आत्मसात करने की प्रेरणा प्रदान कर गया।























